भोपाल से साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को बीजेपी ने उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी ने आज एमपी के चार नामों की सूची जारी कर दी। जिसमें । विदिशा से रमाकांत भार्गव, सागर से राज बहादुर सिंह और गुना से के पी यादव को टिकट मिला है। बता दें कि भोपाल सीट को लेकर माय टाइम्स टुडे ने पहले ही साफ कर दिया था कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर चुनाव लड़ेंगी। आज बीजेपी ने तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया। साध्वी के मैदान में आने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। कांग्रेस की तरफ से इस बार भोपाल से दिग्विजय सिंह मैदान में है। ऐसे में अब भोपाल का मुकाबला रोचक हो गया है।
कौन हैं साध्वी प्रज्ञा? प्रज्ञा ठाकुर मध्य प्रदेश के चंबल इलाके के भिंड जिले में जन्मीं थीं। वे राजावत राजपूत जाति से आती हैं। उनके पिता आरएसएस के स्वयंसेवक व पेशे से आयुर्वेदिक डॉक्टर थे। इतिहास में परास्नातक करने के बाद प्रज्ञा हमेशा से ही हिन्दुत्ववादी संगठनों से जुड़ी रहीं। वे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की सक्रिय कार्यकर्ता थीं और वे विश्व हिन्दू परिषद की महिला विंग दुर्गा वाहिनी से भी जुड़ी थीं। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर मालेगांव धमाकों के बाद सुर्खियों में आई थीं। जिसके बाद उन्हें लंबी कानूनी प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा। साल 2017 में सबूतों के अभाव में एनआईए ने अदालत से उन्हें जमानत देने पर एतराज न होने की बात कही जिसके बाद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को बड़ी राहत देते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट ने जमानत पर रिहा कर दिया।